अम्बेडकर नगर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में बीते माह हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई और दुर्घटना स्थलों पर त्वरित सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
बैठक में एनएच-128 टांडा-रायबरेली मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं के संदर्भ में परियोजना निदेशक को पूर्ण जानकारी न देने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अगले सप्ताह समस्त विवरण सहित उपस्थित होने का निर्देश दिया। साथ ही अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को परियोजना निदेशक को अर्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
एनएच-135ए जौनपुर-अयोध्या मार्ग पर पैचवर्क और अवैध कटों को बंद करने की कार्रवाई पर जानकारी देते हुए प्रयागराज क्षेत्र के प्रतिनिधि ने बताया कि कार्य पूरा करा दिया गया है और अवैध कट एक सप्ताह में बंद कर दिए जाएंगे। वहीं एनएच-233 लुम्बनी-आजमगढ़ मार्ग पर लगी लाइटों को शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए।
अकबरपुर रोडवेज ओवरब्रिज के पास जाम और अतिक्रमण की समस्या पर जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर मार्ग सुधार एवं अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को दिया। इसके साथ ही नगर पालिका को फव्वारा तिराहा, पटेल नगर, दोस्तपुर रोड, मालीपुर व जलालपुर मार्ग पर ई-रिक्शा स्टैंड चिन्हित कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी सामने आया कि स्कूल खुलने और बंद होने के समय रोडवेज की बसों के कारण जाम की स्थिति बनती है। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम अकबरपुर को निर्देशित किया कि निर्धारित समय पर बसों को सड़क किनारे अथवा निगम परिसर में खड़ा कराया जाए और अनुपालन न करने वाले चालकों/परिचालकों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाए।
बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सौरभ सिंह, सीओ नगर/यातायात नितीश तिवारी, एआरटीओ सत्येंद्र कुमार यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बीना सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के जिला समन्वयक जितेंद्र पांडेय, परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।