अंबेडकर नगर। शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने संयुक्त रूप से पुलिस बल के साथ कस्बा शहजादपुर अकबरपुर व कस्बा टांडा में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह तथा उप जिलाधिकारी टांडा अरविंद शुक्ला समेत प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में आत्मविश्वास पैदा करना, भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना है। साथ ही मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संदेश को भी जन-जन तक पहुँचाया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अराजकता या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों को भाईचारे के साथ मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।