जलालपुर अम्बेडकर नगर। नगर पालिका जलालपुर में विकास कार्यों के लिए जारी टेंडर में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। हाल ही में सौ से अधिक कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे, जिनमें एक महिला ठेकेदार ने फर्जी एफडी के सहारे ठेका लेने की कोशिश की। मामले का खुलासा तब हुआ जब टेंडर प्रक्रिया के बाद टेंडर खोला गया अधिकारियों को संदेह हुआ और एफडी की जांच कराई गई। नगर पालिका ईओ अरविंद कुमार ने पुष्टि की कि ठेकेदार द्वारा लगाई गई लगभग छह लाख रुपये की एफडी जाली निकली है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जारी टेंडरों में एक कार्य जिसकी अनुमानित लागत 42 लाख रुपये थी, उसके लिए 3.59 लाख रुपये की एफडी और दूसरे कार्य जिसकी लागत करीब 32 लाख रुपये थी, उसके लिए 2.69 लाख रुपये की एफडी प्रस्तुत की गई थी। जांच में दोनों एफडी फर्जी पाई गईं। इस खुलासे के बाद अब सभी टेंडरों में लगाए गए ठेकेदारों की एफडी की जांच कराई जाएगी। मामले से नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया है।