◆ 24 से 28 सितम्बर तक जिले में सभी आयोजन स्थलों पर मिलेगा दुर्गा प्रतिमाओं का दर्शन, जिले में 2154 स्थानों पर दुर्गापूजा व 180 जगह पर रामलीला का होगा आयोजन
◆ दो अक्टूबर को होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, राजकीय इंटर कालेज से निकलकर निर्मलीकुंड तक जाएगी विसर्जन शोभायात्रा
अयोध्या। नगर में सोमवार को नौ स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना हो जाएगी। शेष स्थानों पर प्रतिमाएं 24 से 28 सितम्बर के मध्य स्थापित हो जाएगी। नगर क्षेत्र में 20 सितम्बर से रामलीलाओं की शुरुआत हो चुकी है। रामलीला कमेटियों ने विभिन्न तिथियों के अनुसार अपना कार्यक्रम जारी किया है।
केन्द्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने सिविल लाइन स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर में सभी दुर्गा प्रतिमाएं राजकीय इंटर कालेज में एक अक्टूबर की रात्रि 11 बजे एकत्रित होना शुरू कर दी जाएगी। नगर में मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा दो अक्टूबर को राजकीय इंटर कालेज से निकलकर फतेहगंज, सुभाषनगर, चौक, रिकाबगंज, रोडवेज, टीवी टावर होते हुए निर्मलीकुंड तक जाएगी। उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को फैजाबाद नगर, अयोध्या नगर, भदरसा, सोहावल, रुदौली, बीकापुर, मया बाजार, बारुन, कुचेरा तीन अक्टूबर को अयोध्या नगर, मया बाजार, दिलासीगंज, महबूबगंज, ऐमीघाट, दर्शननगर, मिल्कीपुर, पूरा बाजार चार अक्टूबर को गोशाईगंज छह अक्टूबर को चौरे बाजार, हैदरगंज, कुमारगंज व तारुन में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रामलीलाओ में नावनेवरिया का कार्यक्रम 21 सितम्बर को फतेहगंज का लक्ष्मीसागर, हैदरगंज का 22 सितम्बर को देवकाली जलाशय, साहबगंज का 23 व 24 सितम्बर को रामलला घाट, चौक का 25 सितम्बर को धारा रोड विश्रामघाट पर होगा। अशोकपुरम जप्ती, कोठापार्चा, गद्दोपुर व शंकरगढ़ के नावनेवरिया कार्यक्रम स्थल पर आयोजन होता है। प्रभुराम की शोभायात्रा तीन अक्टूबर को चौक व शंकरगंढ के रामलीला की व चार अक्टूबर को फतेहगंज, अशोकपुरम, हैदरगंज, कोठापार्चा, साहबगंज को निकलेगी। राजगद्दी का कार्यक्रम चार अक्टूबर को शंकरगढ़, रुदौली व चौक, पांच अक्टूबर को कोठापार्चा, अशोकपुरम, फतेहगंज, साहबगंज व छह अक्टूबर को हैदरगंज की सम्पन्न होगा।
प्रमुखता से उठा चौदहकोसी सड़क निर्माण से होने वाली दिक्कतों का मुद्दा
केन्द्रीय समिति की प्रेसवार्ता के दौरान चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के कारण दुर्गा प्रतिमाओं को आयोजन स्थल तक लाने व ले जाने को लेकर होने वाली दिक्कतों की प्रकरण प्रमुखता से उठा। इसके साथ में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की गई। नाका बाईपास से ट्रक आने से होने वाली दिक्कतों के बारें में समिति ने बताया। जनौरा बाईपास, ककरही बाजार से जमथरा, ऋषिटोला से जीआईसी, फैजाबाद चौराहा से जीआईसी व टकसाल रोड पर खडण्जा उखाड़ने के कारण होने वाली दिक्कतों को दूर करने की मांग समिति ने किया।
फिल्मी रामलीला पर लगाया प्रश्नचिन्ह
केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने फिल्मी रामलीला की प्रस्तुति को लेकर प्रश्नचिन्ह लगाया। उन्होंने कहा कि रामलीला का आयोजन मर्यादा के अनुरुप होना चाहिए। इसको लेकर अयोध्या में संत महंत भी विरोध कर रहे है।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की मांग
केन्द्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल ने दुर्गा पूजा कार्यक्रम में श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा कराए जाने की मांग किया है। बताया कि इसके लिए प्रशासन से अनुरोध किया गया है। कहा कि अयोध्या भगवान श्री राम की जन्म स्थली है। यहां कई आयोजन में प्रशासन द्वारा हेलीकॉटर से पुष्प वर्षा की जाती है। यह महानगर का बड़ा आयोजन है जिसमें लाखों लोगों की सहभागिता रहती है।
विर्सजन स्थल पर पानी की कमी के लिए की जाएगी प्रशासन से वार्ता
गगन जायसवाल ने बताया कि पिछले वर्ष पानी की कमी के कारण आखिरी दौर में प्रतिमा विर्सजन में दिक्कतें आई थी। इस वर्ष विर्सजन घाट पर पानी और भी कम है। जिसको लेकर प्रशासन से वार्ता की जाएगी। विर्सजन के लिए पानी की उपलब्धता हेतु वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए।