अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों के लिए ओपीडी की शुरुआत की गई। उद्घाटन प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा, सीएमएस डॉ. अरविंद सिंह और कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र कुमार सचान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। यह ओपीडी सप्ताह में तीन दिन—सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी।
पहले दिन बुधवार को पांच मरीज परामर्श के लिए पहुंचे, जिनमें तीन कैंसर से पीड़ित और दो संभावित मरीज शामिल थे। डॉ. सचान ने बताया कि लंबे समय तक शरीर पर बने छाले या सूजन, जो इलाज से ठीक न हो, कैंसर का संकेत हो सकता है। महिलाओं में सबसे अधिक मामले ब्रेस्ट कैंसर के आ रहे हैं, जहां गांठ होने पर अक्सर मरीज इसे छिपाते हैं और देर से इलाज शुरू होता है।
ओपीडी के बाद कैंसर रोगियों को कीमोथेरेपी उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि रेडियोथेरेपी के लिए उच्च संस्थानों से सहयोग लिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. वीरेन्द्र वर्मा, डॉ. मनीष वर्मा, डॉ. मुकेश गौतम और डॉ. अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।