बसखारी अंबेडकर नगर। सड़क दुर्घटना में एक डीसीएम चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। दुर्घटना बुधवार की देर शाम हंसवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रंगेय राघव कॉलेज के निकट की बताई जा रही है। बुधवार की शाम सुनील कुमार यादव निवासी पिपरी मरौचा थाना बसखारी खलीलाबाद से डीसीएम पर पशु आहार लादकर हंसवर की तरफ आ रहा था। इसी बीच डीसीएम अनियंत्रित होकर रघुराजी देवी महाविद्यालय के गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्यालय की दीवाल व डीसीएम का आगे का हिस्सा क्षत्रिग्रस्त होकर पलट गया। जिसमें चालक सुनील कुमार यादव (32)की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की खबर सुनकर मौके पर पहुंची हंसवर पुलिस ने मृत की पुष्टि के लिए सुनील को अस्पताल पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने सुनील को मृत्यु घोषित कर दिया। वहीं मौत की खबर पाकर परिजन व गांव के लोग भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पत्नी बेसुध, बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल, परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा था मृतक
मृतक परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा था। जो मजदूरी करके परिवार की जरूरतो को पूरा करता था। मृतक की 30 वर्षीय पत्नी प्रियांशी देवी मौत की खबर सुनकर सुध बुध खो बैठी है। पिता सभाजीत यादव व 13 वर्षीय पुत्री साक्षी व 10 वर्षीय पुत्र सक्षम का भी रो रो कर बुरा हाल है। अचानक मौत की खबर सुनकर गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है। मृतक के परिवार को ढांढस बंधाने पहुंची गांव की महिलओं की आंखों से भी आंसू छलकने लगे। पोस्टमार्टम के बाद शव के घर आते गांव में एक बार फिर रोने बिलखने की चित्कार गांव में गुंजने लगी। देर शाम शव का अंतिम संस्कार चहोड़ा घाट पर कर दिया गया।