अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सिविल लाइन स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन ने अपनी 31 सूत्रीय प्रदेश स्तरीय मांगों के साथ-साथ जिले की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। जिलाध्यक्ष राकेश पांडे ने कहा कि शिक्षकों की प्रमुख मांगों में निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, पुरानी पेंशन बहाली, तदर्थ शिक्षकों का विनियमीकरण सहित कई अन्य मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा जाएगा। वहीं जिले से जुड़ी समस्याओं का ज्ञापन डीआईओएस को दिया गया है और उनसे समयबद्ध समाधान की अपेक्षा की गई है।
जिला मंत्री आलोक तिवारी ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश के सभी जनपदों में शिक्षक संघ द्वारा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं का समाधान 15 दिनों के भीतर किया जाए, अन्यथा शिक्षक पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी, महानगर अध्यक्ष अनूप पांडे, महानगर मंत्री सत्य प्रकाश, रामानुज तिवारी, मंडलीय प्रधानाचार्य परिषद के पदाधिकारी प्रदीप वर्मा, मनोज वर्मा, शिवकुमार मिश्र, देवदत्त सिंह, संस्कृत परिषद और व्यावसायिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।