अंबेडकरनगर। जनपद मुख्यालय स्थित तमसा मार्ग पर ए.के. पब्लिक स्कूल के बगल से बह रही तमसा नदी में शनिवार सुबह नहाते समय 11 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार फतेपुर शहजादपुर निवासी 11 वर्षीय सौरभ राजभर पुत्र जयकरन व 13 वर्षीय लकी कुमार सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए निकले थे। ए.के. पब्लिक स्कूल के पास पुलिया के निकट दोनों नहाने लगे, तभी तेज बहाव में सौरभ बहकर गहरे पानी में चला गया। लकी ने तत्काल घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई।
नदी में अत्यधिक जलकुंभी होने से खोजबीन में दिक्कत आई। प्रशासन ने दो जेसीबी की मदद से जलकुंभी हटवाई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पांडेय, तहसीलदार अकबरपुर संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जिला प्रशासन ने जहांगीरगंज के कमहरिया घाट से चार गोताखोर बुलाए, जिन्होंने मात्र 15 मिनट में सौरभ का शव निकाल लिया।
घटना की जानकारी पाकर उप जिलाधिकारी प्रतीक्षा सिंह व सदर सीओ नितेश तिवारी भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दुखद घटना पर अकबरपुर विधायक राम अचल राजभर ने पहुंचकर शोकग्रस्त परिवार को ढांढस बंधाया।