अयोध्या। श्रीराम नगरी अयोध्या धाम के प्रह्लाद घाट स्थित जानकी विहार में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। यहां ‘श्री जयंती गेस्ट हाउस’ का उद्घाटन राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन समारोह में मिथिलेश नंदिनी शरण जी महाराज, महंत राजकुमार दास, जगतगुरु दिनेश आचार्य, महंत अवधेश दास, और हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास जैसे प्रतिष्ठित संत-महंत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आए अतिथियों का भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने स्वागत किया।
अभय सिंह ने बताया कि यह गेस्ट हाउस श्रद्धालुओं को उचित दर पर स्वच्छ एवं सुसज्जित कमरे उपलब्ध कराएगा। साथ ही यहां भोजन की सुविधा भी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन हेतु एक विशेष वाहन की व्यवस्था की गई है, जो उन्हें स्थानीय मंदिरों के दर्शन कराने में सहयोग करेगा।
गेस्ट हाउस में फिलहाल 10 कमरे तैयार किए गए हैं, और भविष्य में विकास प्राधिकरण से अनुमति प्राप्त कर इसका विस्तार भी किया जाएगा।