जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साहबतारा में शुक्रवार की रात एक किराना दुकान में सेंधमारी कर लगभग तीस हजार नकद व अन्य सामान चुराने का मामला सामने आया है। मोहल्ले के लोगों ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित जलालपुर देहात निवासी मोहम्मद पुत्र बदरुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी किराना दुकान मोहल्ला साहबतारा में स्थित है। शुक्रवार की रात करीब दो बजे मोहल्ले के ही मोहम्मद जाहिद पुत्र शमसुद्दीन ने दुकान की खिड़की से घुसकर नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। मोहल्लेवालों को संदेह होने पर उन्होंने खोजबीन शुरू की और जाहिद को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। हालांकि, थाने पहुंचने के कुछ ही देर बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक जांच के उपरांत परिजनों के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई से मोहल्ले में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि आरोपी पेशेवर चोर है और हर बार पकड़े जाने पर इसी तरह ‘बीमार’ होने का नाटक कर बच निकलता है। इस संबंध में जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तबीयत गंभीर हो गई थी, इसलिए उसे परिजनों को सौंपा गया। मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में रोष व्याप्त है और वे पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।