जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर से कुछ ही दूरी पर स्थित घसियारी टोला निवासी एक रेडिमेड कपड़ों के व्यापारी को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर के प्रतिष्ठित रेडिमेड व्यापारी विनोद मेहरोत्रा ने गुरुवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी कि उन्हें एक व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उसे कॉल करने वाले ने स्वयं को संदीप वर्मा निवासी जैनापुर थाना सम्मनपुर बताया और कहा, तुम अगर अपनी जिंदगी चाहते हो तो मेरे रास्ते से हट जाओ, नहीं तो जान से हाथ धो बैठोगे। पीड़ित विनोद मेहरोत्रा ने बताया कि संदीप वर्मा से उसने एक जमीन के सौदे के लिए 27 लाख रुपये दिए थे। लेकिन संदीप न तो जमीन दे रहा है और न ही पैसे वापस कर रहा है। जब इस मामले को लेकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली और मुकदमा दर्ज कराया, तो आरोपी ने लगातार उसे धमकाना शुरू कर दिया। गुरुवार को मिली धमकी के बाद पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संदीप वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की है। वहीं घटना के बाद व्यापारी वर्ग में रोष देखा जा रहा है और सभी ने प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है।