अयोध्या। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और अयोध्या शहर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए शुक्रवार को तहसील सदर परिसर में विशेष बूथ कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप यूपीनेडा एवं सोलेक्सा सर्विसेज प्रा. लि. के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कैंप का शुभारंभ जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने किया। इस अवसर पर सदर उपजिलाधिकारी राम प्रसाद त्रिपाठी, तहसीलदार, अपर नगर आयुक्त, नेडा के परियोजना अधिकारी पी. एन. पांडेय, सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कैंप के आयोजक एवं सोलेक्सा सर्विसेज के मैनेजिंग डायरेक्टर जितेंद्र मणि द्विवेदी ने जानकारी दी कि अयोध्या में अब तक 1500 घरों पर सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 600 से अधिक प्लांट अकेले सोलेक्सा द्वारा स्थापित किए गए हैं। बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए कंपनी को जिले व मंडल स्तर पर अग्रणी कंपनी के रूप में पुरस्कार भी मिल चुका है।
उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ लें और सौर ऊर्जा के माध्यम से राष्ट्रीय ऊर्जा स्वावलंबन में भागीदार बनें। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा इस योजना में अनुदान का लाभ भी दिया जा रहा है। इस अवसर पर 300 से अधिक लोगों ने कैंप में भागीदारी की और कई लाभार्थियों ने योजना में रजिस्ट्रेशन भी कराया।