जलालपुर, अम्बेडकर नगर। प्रदेश सरकार द्वारा प्राइमरी स्कूलों को बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने रविवार को नगर के यादव चौराहा पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। यह अभियान मोहम्मद सईद किरदार मेहंदी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर हस्ताक्षर किए और फैसले का विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर सपा विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार का यह कदम गरीब व असहाय बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि प्राइमरी स्कूलों को बंद करने से उन बच्चों की शिक्षा पर संकट उत्पन्न हो गया है, जिनके पास निजी विद्यालयों में पढ़ने का साधन नहीं है। उन्होंने सरकार से यह निर्णय वापस लेने की मांग की और कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहम्मद सईद किरदार मेहंदी ने कहा कि ये स्कूल हजारों गरीब बच्चों की शिक्षा का माध्यम हैं, और इन्हें बंद करना शिक्षा के अधिकार का हनन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर सपा के प्रदेश महासचिव अनिसुर्रहमान, नदीम अंसारी, योगेंद्र यादव, अभिषेक सिंह, नरेंद्र वर्मा, मोहम्मद अब्बास राजा, आलोक सिंह यादव, प्रिया राव, शुभम जायसवाल, संदीप वर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।