अयोध्या। रेलवे विस्तारीकरण और एयरपोर्ट अधिग्रहण से प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे से मुलाकात की। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल में बागबीजेसी, सीतापुर आई हॉस्पिटल के दुकानदार और चौधरी चरण सिंह वार्ड (गंजा) के निवासी शामिल थे। पूर्व मंत्री पवन ने डीएम से स्पष्ट मांग की कि जब तक बागबीजेसी क्षेत्र में रेलवे द्वारा उजाड़े जा रहे परिवारों को मकान के बदले मकान नहीं दिया जाता, तब तक उन्हें उनके पुराने घरों में रहने दिया जाए।
सीतापुर आई हॉस्पिटल के आसपास उजाड़े जा रहे दुकानदारों के लिए दुकान के बदले दुकान की मांग की गई, वहीं चौधरी चरण सिंह वार्ड में कंपोजिट विद्यालय को पांच किलोमीटर दूर भेजने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए विद्यालय को वार्ड में ही बनवाने की बात रखी गई। पूर्व मंत्री ने बताया कि डीएम ने सभी मांगों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए मकान के बदले मकान, दुकान के बदले दुकान और विद्यालय गंजा वार्ड में ही बनाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधि मंडल में हामिद जाफर मीसम, श्रीचंद यादव, के.के. पटेल एडवोकेट, राम करन यादव, अजय यादव, शशांक यादव, देवा श्रीवास्तव, संदीप यादव मौजूद रहे।