◆ दावत से उपजा विवाद बना खूनी रंजिश, गोली लगने से युवक गंभीर घायल
महराजगंज, अयोध्या । बाटी-चोखा की पार्टी में न शामिल होना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि गोली चल गई और एक युवक खून से लथपथ अस्पताल पहुंचा। मामला थाना महराजगंज क्षेत्र के सुलेभानपुर के मजरे दुबे का पुरवा का है, जहां सूरज दूबे ने अपने घर पर बाटी-चोखा की दावत का आयोजन किया था।
आरोप है कि गांव के ही विवेक दूबे पार्टी में नहीं पहुंचा, जिससे नाराज होकर सूरज से उसका विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि सूरज दूबे ने अवैध तमंचे से विवेक पर गोली चला दी, जो उसकी गर्दन के पास से छूती हुई निकल गई। लहूलुहान हालत में विवेक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। दोनों आपस में रिस्तेदार हैं।
पीड़ित के पिता लवकुश दूबे की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण बलवंत कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी सूरज दूबे को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।