◆ 150 कमरों के भवन के साथ ट्रांजिट हॉस्टल, मेस और मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि (आरजेबी) परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों के लिए एक अत्याधुनिक आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 22 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को आकार दिया जा रहा है, जिसे 14 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
150 कमरों वाले इस भवन के साथ ट्रांजिट हॉस्टल, मेस, स्टोर और एक मल्टीपर्पज हॉल का भी निर्माण हो रहा है। परियोजना का स्ट्रक्चरल कार्य पूरा कर लिया गया है और अब प्लास्टर, पेंटिंग व फिनिशिंग का काम तेजी से जारी है।
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड-2, उमेश चंद्र ने बताया कि निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए सभी संसाधन जुटाए गए हैं। उनके अनुसार, यह परियोजना न केवल तैनात सुरक्षा कर्मियों को बेहतर रहने की सुविधा देगी, बल्कि अस्थायी रूप से ड्यूटी पर आने वाले कर्मियों के लिए भी ट्रांजिट हॉस्टल उपयोगी सिद्ध होगा।
मेस और स्टोर से सुरक्षा कर्मियों को भोजन व आवश्यक वस्तुएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं मल्टीपर्पज हॉल आपसी संवाद और सामुदायिक समन्वय को बढ़ाने में सहायक होगा।
भवन के तैयार हो जाने से अब तक फैली आवासीय असुविधा दूर होगी और कर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र के समीप ही समुचित रहने की सुविधा मिल सकेगी।