अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के सामने स्थित जलवानपुरा मोहल्ले को जलभराव की समस्या से निजात मिलने जा रही है। गुरुवार को यहां 37.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक पंप हाउस का ट्रायल किया गया।
महापौर ने बताया कि जलवानपुरा में वर्षों से वर्षा जल के जमाव की समस्या थी, जिससे आमजन को भारी असुविधा होती थी। अब इस पंप हाउस के चालू होने से न केवल मोहल्ले को राहत मिलेगी, बल्कि श्रीरामजन्मभूमि परिसर, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र भी जलभराव से मुक्त रहेंगे। उन्होंने बताया कि क्षीरसागर तालाब से रामघाट चौराहा होते हुए सोतिया नाले तक 3200 मीटर लंबी दो पाइप लाइनें बिछाई गई हैं।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि पंप हाउस में छह पंप लगाए गए हैं, जिनमें दो डीजल पंप 254 हॉर्स पावर के व चार इलेक्ट्रिक पंप 180 हॉर्स पावर के हैं। इनकी क्षमता 20 हजार लीटर प्रति मिनट है। संपवेल की गहराई 6.50 मीटर है और कैचमेंट एरिया में एक लाख लीटर तक पानी इकट्ठा किया जा सकता है, जबकि 4.50 लाख लीटर पानी पाइप के माध्यम से सोतिया नाले तक भेजा जाएगा। बताया कि दोनों पाइप लाइनों की कुल जल भंडारण क्षमता 14 लाख लीटर है। महापौर ने कार्यदायी संस्था अयोध्या विकास प्राधिकरण को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार पांडेय, सचिव हेम सिंह, अपर नगर आयुक्त नागेंद्र नाथ, भाजपा नेता रमेश राना, श्रीनिवास शास्त्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।