Monday, March 16, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरसंविधान को बचाने की हुंकार, स्वामी प्रसाद मौर्य ने साधा भाजपा पर...

संविधान को बचाने की हुंकार, स्वामी प्रसाद मौर्य ने साधा भाजपा पर निशाना


जलालपुर अम्बेडकर नगर। रामगढ़ रोड स्थित विकास नगर कॉलोनी में रविवार को ‘संविधान सम्मान व जनहित हुंकार यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष जगराम मौर्य ने की। सभा को संबोधित करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मौजूदा सरकार देश के संसाधनों को पूंजीपतियों के हाथों सौंप रही है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी में से 80 करोड़ लोग आज भी मुफ्त राशन पर निर्भर हैं। ऐसे में वे अपने बच्चों के भविष्य के बारे में कैसे सोच सकते हैं?

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां गरीबों को और ज्यादा मजबूर बनाने की हैं। किसान अन्नदाता हैं लेकिन उन्हें उनकी फसलों का लागत मूल्य नहीं मिल रहा, ऊपर से छुट्टा पशुओं से उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की पढ़ाई इतनी महंगी हो गई है कि गरीब बच्चों के लिए उच्च शिक्षा एक सपना बनती जा रही है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा ‘विश्व गुरु’ बनाने की बात तो करती है, लेकिन देश को गरीबी की ओर धकेल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान को बदलने की साजिश कर रही है और उसे अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है।

सभा में मौजूद लोगों से उन्होंने अपील की कि 2027 में ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए जो संविधान से खिलवाड़ कर रहे हैं। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शादाब खान, पूर्व मंत्री भगवती प्रसाद सागर, श्री राम, राजेश कन्नौजिया, बबलू मौर्य, रजनीश मौर्य, विजय कुमार मौर्य, पप्पू मौर्य, पंकज मौर्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभा के अंत में संविधान की रक्षा और जनहित के लिए संघर्ष जारी रखने की शपथ भी दिलाई गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments