अयोध्या । राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में 70 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की योजना पर काम शुरू हो गया है। नगर निगम ने लगभग 8.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन केंद्रों के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी है, और तकनीकी बोलियां हाल ही में खोली गई हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य नगर क्षेत्र में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण सेवाएं बेहतर करना है। अधिकारियों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, और वे उन मोहल्लों में बनाए जाएंगे जहां इनकी आवश्यकता सबसे अधिक है।
इन केंद्रों का निर्माण शहर के विद्याकुंड, हनुमानकुंड, रायगंज, विभीषण कुंड, रामचंद्र परमहंस दास नगर, मीरापुर, देवकाली, स्वर्गद्वार, लक्ष्मण घाट, रामकोट जैसे वार्डों और उनके आसपास के इलाकों में प्रस्तावित है।
इसके साथ ही नगर निगम द्वारा 41 राजस्व गांवों की पंचायत भूमि को भी नगर निगम क्षेत्र में शामिल किए जाने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भी इन सेवाओं की पहुंच बढ़ सकेगी। मुख्य अभियंता पुनीत ओझा ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और इसे तय समयसीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
परियोजना पूरी होने पर नौनिहालों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा एक ही केंद्र पर उपलब्ध होगी। स्थानीय स्तर पर इस योजना को शैक्षिक और सामाजिक जरूरतों की दिशा में जरूरी पहल के रूप में देखा जा रहा है।