जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के उसरहा डिहवा गांव में करंट की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अखिलेश यादव की पत्नी मंजू यादव (38) के रूप में हुई है। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। जब मंजू यादव घर में किसी कार्य के दौरान अचानक बिजली की चपेट में आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हैरत की बात यह रही कि परिजनों ने बिना किसी कानूनी सूचना और पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गई हैं।
इस संबंध में जब कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस को इस घटना की कोई सूचना नहीं दी गई थी।