अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में तीसवें दीक्षांत समारोह को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में संपन्न हुई। परीक्षा समिति ने सर्वसम्मति से 140 मेधावी छात्रों की सूची को मंजूरी दी, जिन्हें आगामी दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस बार कुल 140 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 69 कुलाधिपति स्वर्ण पदक और 39 कुलपति स्वर्ण पदक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि स्नातक और परास्नातक स्तर पर मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। यदि किसी पाठ्यक्रम में दो छात्रों के अंक समान हैं, तो दोनों को अलग-अलग पदक दिए जाएंगे। इसी कारण इस बार पदकों की संख्या में वृद्धि हुई है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि कुल स्वर्ण पदकों में से 78 छात्राओं को जबकि 47 छात्रों को पदक प्रदान किए जाएंगे। यह विश्वविद्यालय में छात्राओं की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिन 170 शोधार्थियों के शोध प्रबंध का मूल्यांकन और मौखिकी परीक्षा संपन्न हो चुकी है, उन्हें इस दीक्षांत समारोह में पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।समिति ने नॉन-एनईपी पाठ्यक्रमों की छूटी हुई प्रायोगिक और मौखिक परीक्षाएं शीघ्र संपन्न कराने का भी निर्णय सर्वसम्मति से पारित किया। बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. आशुतोष सिन्हा, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. एस.के. रायजादा, प्रो. रमेश चंद्र पांडेय, प्रो. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र तथा उपकुलसचिव अजय कुमार गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।