अयोध्या। आम आदमी पार्टी की ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा बुधवार को अयोध्या से शुरू हुई। पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने सरयू तट पर मां सरयू की आरती कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रख्यात समाजवादी चिंतक और अपने राजनीतिक गुरु रघु ठाकुर से आशीर्वाद लिया।
संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं को रोजगार दिलाने और समाज के वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय अपने चरम पर है। सरकार न तो युवाओं को नौकरी दे पा रही है और न ही दलितों, पिछड़ों और शोषितों को उनका हक।”
संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यूपी पेपर लीक और युवाओं के शोषण का केंद्र बन गया है। “जो नौजवान रोजगार की मांग करता है, उसे जेल में डाला जाता है। वहीं, दलितों और पिछड़ों के साथ भेदभाव की घटनाएं बढ़ी हैं। रायबरेली, इटावा और लखनऊ जैसी घटनाएं इस बात की गवाह हैं कि सरकार संवेदनहीन हो चुकी है,।
कहा कि “देश किसी बाबा के नारे से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से चलेगा। असली ‘रामराज्य’ का अर्थ है सबको समान न्याय और अवसर।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि यह यात्रा केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न जोनों में आठ पदयात्राएं और निकाली जाएंगी ताकि जनता की आवाज़ और बुलंद हो सके।
यह पदयात्रा 12 से 24 नवम्बर तक चलेगी और अयोध्या से प्रयागराज तक लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। रास्ते में सुल्तानपुर, अमेठी और प्रतापगढ़ जैसे जिलों से होकर गुजरेगी।
इस मौके पर समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “श्रीराम के आदर्श समानता और न्याय के प्रतीक हैं। इन्हीं मूल्यों को जीवित रखने का कार्य आम आदमी पार्टी कर रही है।”
पदयात्रा के दौरान नाका फ्लाईओवर, ब्रह्म बाबा और नहरिया के पास कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने संजय सिंह का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी अनिल झा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, जिला अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति, बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इमरान लतीफ, काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी, मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे, नीलम यादव, मीनाक्षी श्रीवास्तव, राजेश यादव, हैदर अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।